Ranchi News : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सुरक्षा व्यवस्था में वाहन उपलब्ध नहीं कराए जाने पर अपनी सुरक्षा में तैनात 16 पुलिस जवान और उनके लिए आवंटित तीन सरकारी वाहन वापस कर दिए हैं। इस फैसले के बाद वह बिना सुरक्षा काफिले के ही सरकारी कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।
अतिरिक्त वाहन नहीं मिलने पर उठाया कदम
वित्त मंत्री ने 29 जून को पुलिस महानिदेशक को लिखे पत्र में बताया कि 16 सुरक्षा जवानों के लिए केवल तीन वाहन उपलब्ध कराए गए थे, जिसके कारण जवानों को एक ही वाहन में यात्रा करनी पड़ती थी। उन्होंने इसे सुरक्षा की दृष्टि से अनुचित बताया। मंत्री के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को एक अतिरिक्त वाहन की मांग की गई थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सुरक्षा व्यवस्था की खामियों की ओर ध्यान दिलाने का दावा
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें एक वाहन वापस करने का नोटिस भेजा गया, जिसे उन्होंने असहज करने वाला बताया। इसके बाद उन्होंने सभी सुरक्षा जवानों और वाहनों को वापस करने का निर्णय लिया। मंत्री का कहना है कि उनका उद्देश्य सुरक्षा हटाना नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों की ओर सरकार और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करना है। फिलहाल वे बिना सुरक्षा काफिले के अपने सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।