Jamshedpur News : करणी सेना के आदित्यपुर जिला युवा अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के मामले को लेकर संगठन ने गहरा आक्रोश जताया है। करणी सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो संगठन देशव्यापी आंदोलन करेगा।
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
करणी सेना की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि परिजनों ने घटना में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, परिजनों का कहना है कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमलावर खुलेआम हमला करते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि हमले में प्रयुक्त हथियार सिटी पेट्रोलिंग वाहन से निकाला गया था और घायल हिमांशु सिंह को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी लापरवाही बरती गई। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
SIT या न्यायिक जांच की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
करणी सेना ने पूरे मामले की एसआईटी या न्यायिक जांच कराने, सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, जांच में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने कहा है कि यदि समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।