Latehar News : लातेहार जिले के मनिका प्रखंड की प्रमुख प्रतिमा देवी ने शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने इसे लातेहार जिले में कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
के. राजू बोले:- कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ रहे लोग, लातेहार में मिलेगा संगठन को बल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और जनहित की नीतियों से प्रभावित होकर लगातार लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिमा देवी के पार्टी में शामिल होने से लातेहार जिले और विशेष रूप से मनिका विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर विकास और सामाजिक सद्भाव की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर काम कर रही है।
प्रतिमा देवी ने गांव-गांव तक पहुंचाने का लिया संकल्प
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद प्रतिमा देवी ने कहा कि उन्होंने पार्टी की विचारधारा और जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर कांग्रेस का दामन थामा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करेंगी और कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेंगी। कार्यक्रम में विधायक रामचंद्र सिंह, लातेहार जिला कांग्रेस प्रभारी भीम कुमार, निरंजन पासवान, जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।