Seraikela News: सरायकेला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के लिए उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह शुक्रवार को स्वयं नगर पंचायत सरायकेला के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे. उन्होंने घर-घर चल रहे मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया और एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण व सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी ली.
दोपहर करीब 2 बजे उपायुक्त इंद्रटांडी मोहल्ले पहुंचे. यहां उन्होंने मतदाताओं से उनके घरों पर मुलाकात की और फॉर्म वितरण के साथ सत्यापन कार्य की स्थिति देखी. इस दौरान मतदाताओं से एन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर भी कराए गए.
घर-घर जाकर हो रहा मतदाता विवरण का सत्यापन
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में हाउस-टू-हाउस विजिट अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी मतदाताओं तक पहुंचकर उनके विवरण का सत्यापन कर रहे हैं और जरूरी फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ा कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और सटीकता के साथ किया जा रहा है. सभी संबंधित पदाधिकारियों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि अभियान तय समय सीमा में त्रुटिरहित ढंग से पूरा हो सके.
सत्यापन से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि सत्यापन के दौरान सामने आने वाले सभी मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा. निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, बीएलओ और अन्य कर्मी मौजूद रहे.