Jamshedpur News : बागबेड़ा कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और नशाखोरी की समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के मुखिया राजकुमार गोड और उपमुखिया संतोष ठाकुर ने संयुक्त रूप से बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बीती रात बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित बजरंगी मैदान के समीप रहने वाले सुनील कुमार के घर का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। उन्होंने क्षेत्र में नियमित और सघन पुलिस पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा नशाखोरी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की।

जनहित के मुद्दों पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मुखिया राजकुमार गोड और उपमुखिया संतोष ठाकुर ने कहा कि बागबेड़ा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि लोगों में विश्वास कायम रहे। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर वे आगे भी प्रशासन के समक्ष आवाज उठाते रहेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान वार्ड सदस्य अभिषेक उपाध्याय, उमेश पांडे, पुष्पा देवी, राजकुमार सिंह, अरविंद पांडे, राकेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता पवन ओझा, अनिल सिंह, विजय पांडे, भोला सिंह, अनूप कुमार, सुनील कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।