Ramgarh: रामगढ़ जिले के कुज्जू ओपी क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक कलह के कारण युवक ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। मृतक की पहचान सांडी टूटी झरना मोड़ स्थित अयोध्या कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय पवन गुप्ता उर्फ बिट्टू गुप्ता के रूप में हुई है। वह दिलीप गुप्ता के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ घटना का खुलासा
परिजनों ने बताया कि सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद घर के पीछे की खिड़की से देखने पर पवन गुप्ता का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कुज्जू ओपी पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक रवी कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।