Palamu News : झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने संगठनात्मक दौरे के दौरान पलामू जिले के पांकी प्रखंड की पकड़िया ग्राम पंचायत और तरहसी प्रखंड के तरिया गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की तथा ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वोटर लिस्ट और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की।
बीएलए को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने का निर्देश
बैठक में के. राजू ने कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंट (BLA) को निर्देश दिया कि क्षेत्र का कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि बीएलए घर-घर जाकर लोगों की सहायता करें, आवश्यक प्रपत्र भरवाएं और यह सुनिश्चित करें कि सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो, ताकि उनके लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रह सकें।
सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी, पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने पर दिया जोर
के. राजू ने ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रखंड और पंचायत अध्यक्षों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे तथा कोई भी गरीब लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर पलामू लोकसभा प्रभारी एवं कांके विधायक सुरेश बैठा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, पलामू जिला प्रभारी विनय सिंहा दीपू, जिला अध्यक्ष बिमला कुमारी सहित संबंधित प्रखंडों और पंचायतों के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।