Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत मतदाता सत्यापन का कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर सह धालभूम एसडीओ अर्नव मिश्रा एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) अनिल टूटी की मौजूदगी में बीएलओ रमीला महानंद ने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित उनके पूरे परिवार का गणना प्रपत्र भरवाकर मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी की गईं।
मतदाताओं से समय पर गणना प्रपत्र भरने की अपील
इस अवसर पर अधिकारियों ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की कि यदि उन्होंने अभी तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अपना गणना प्रपत्र नहीं भरा है, तो वे शीघ्र अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन बना रहे।
मताधिकार सुरक्षित रखने पर दिया गया जोर
अधिकारियों ने नागरिकों से एक जागरूक मतदाता के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ गणना प्रपत्र जमा करें। इससे उनका मताधिकार सुरक्षित रहेगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।