Ranchi News : राजधानी रांची के कांके प्रखंड स्थित पिठोरिया पोस्ट ऑफिस से डाक वितरण में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों को पिछले करीब एक वर्ष से डाक नहीं मिलने की शिकायत के बाद डाक विभाग ने जांच कराई, जिसमें आरोपी डाकिया के घर से बड़ी मात्रा में विभिन्न सरकारी और बैंकिंग दस्तावेज बरामद हुए। घटना के बाद डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घर से मिले आधार, पैन, एटीएम कार्ड और आयकर विभाग के नोटिस
डाक विभाग के इंस्पेक्टर दीपक कुमार द्वारा की गई जांच के दौरान आरोपी डाकिया के घर से कई बोरों में भरी हुई डाक बरामद हुई। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, लोक अदालत से संबंधित दस्तावेज और आयकर विभाग के महत्वपूर्ण नोटिस समेत कई जरूरी पत्र शामिल थे। बताया जा रहा है कि इन दस्तावेजों का लंबे समय से वितरण नहीं किया गया था।
विशेष अभियान चलाकर पहुंचाई जाएगी डाक, विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
मामले के सामने आने के बाद डाक विभाग ने विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है। इसके तहत लंबित सभी पत्र और दस्तावेजों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं इस घटना ने सरकारी व्यवस्था और डाक वितरण प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक कर्मचारी की लापरवाही से आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी और अब वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।