Tata Workers Union President: टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु की पत्नी रेणुका चौधरी का शनिवार शाम निधन हो गया. उन्होंने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में शाम करीब 4 बजे अंतिम सांस ली.
रेणुका चौधरी लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार थीं. उनके निधन की खबर मिलते ही टाटा स्टील कंपनी परिसर और टाटा वर्कर्स यूनियन से जुड़े लोगों में शोक फैल गया.
फरवरी में पड़ा था हार्ट अटैक
परिजनों के अनुसार, रेणुका चौधरी को फरवरी में हार्ट अटैक आया था. इसके बाद उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था.
स्थिति गंभीर होने पर उन्हें कोलकाता के डॉ. रवींद्रनाथ टैगोर कार्डियक रिसर्च सेंटर ले जाया गया. वहां उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी.
सर्जरी के बाद भी उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. हालत बिगड़ने पर संजीव चौधरी टुन्नु उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले गए थे.
संक्रमण और लो ब्लड प्रेशर से बिगड़ी हालत
बताया गया कि सर्जरी वाले हिस्से में संक्रमण हो गया था, जिसे नियंत्रित नहीं किया जा सका. उनका ब्लड प्रेशर भी लगातार कम हो रहा था.
एक दिन पहले उनकी हालत में सुधार की उम्मीद जताई जा रही थी. लेकिन शनिवार को अचानक उन्हें लगातार अटैक आने लगे. इसके बाद उन्हें अस्पताल के सीसीयू में रखा गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.
पति और दो बेटियों को छोड़ गईं
रेणुका चौधरी करीब चार महीने से अधिक समय तक बीमारी से जूझती रहीं. वह अपने पीछे पति संजीव चौधरी टुन्नु और दो बेटियों को छोड़ गई हैं.
बीमारी के लंबे दौर में भी संजीव चौधरी टुन्नु परिवार की जिम्मेदारियों के साथ यूनियन अध्यक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहे.