Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय के मुख्य द्वार के पास अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायत पर उत्पाद विभाग ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। हालांकि जांच के दौरान शिकायत सही नहीं पाई गई और मौके से किसी प्रकार की अवैध शराब या अन्य मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
उपायुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद अवर निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में टीम ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान कहीं भी महुआ शराब, हड़िया के अवैध निर्माण या अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थों के साक्ष्य नहीं मिले।
ग्रामीणों ने भी किया शिकायत का खंडन
छापेमारी के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में महुआ शराब का निर्माण नहीं होता। उन्होंने कहा कि कुछ महिलाएं कभी-कभार हड़िया बेचती हैं, लेकिन अवैध महुआ शराब बनाने की बात सही नहीं है।
ग्रामीणों को कानून की दी गई जानकारी
अभियान के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को झारखंड उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर और उसके आसपास अवैध शराब, महुआ शराब या हड़िया का निर्माण, भंडारण और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध शराब की सूचना देने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि स्कूलों या अन्य सार्वजनिक स्थलों के आसपास कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल उत्पाद विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।