Dhanbad News : जिले के पश्चिमी टुंडी के पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। भोजन की तलाश में हाथियों का झुंड पहाड़ों से उतरकर आबादी वाले गांवों में पहुंच रहा है। शनिवार देर रात मनियाडीह गांव में घुसे हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया।
चहारदीवारी तोड़ी, फसलों और पेड़ों को किया नुकसान
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के झुंड ने मनियाडीह गांव में राजेंद्र अग्रवाल की चहारदीवारी तोड़ दी। इसके अलावा खेतों में लगी फसलों और कई पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
बिजली कटौती से बढ़ रही परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गांव अंधेरे में डूब जाता है, जिसका फायदा उठाकर हाथियों का झुंड आसानी से आबादी वाले इलाकों में प्रवेश कर जाता है। लोगों ने बिजली विभाग से कई बार संपर्क किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि टुंडी पहाड़ पर हाथियों का झुंड पिछले कई महीनों से डेरा डाले हुए है, लेकिन वन विभाग की ओर से उन्हें जंगल की ओर वापस भेजने या स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की नियमित निगरानी, प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।