Jamshedpur News : इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट्स, वेनेरियोलॉजिस्ट्स एंड लेप्रोलॉजिस्ट्स (आईएडीवीएल) झारखंड स्टेट ब्रांच की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण रविवार को बिष्टुपुर स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में किया गया। वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञों ने वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आईएडीवीएल झारखंड के पदाधिकारी, त्वचा रोग विशेषज्ञ और शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
त्वचा, बाल और नाखून संबंधी बीमारियों की मिलेगी प्रमाणिक जानकारी
आईएडीवीएल झारखंड के पदाधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट का मुख्य उद्देश्य लोगों को त्वचा, बाल और नाखून से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। इस मंच पर संस्था द्वारा संचालित जनहित कार्यक्रमों, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों, वैज्ञानिक गतिविधियों, सेमिनार, कार्यशालाओं और अन्य आयोजनों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ेगी स्वास्थ्य जागरूकता
विशेषज्ञों ने कहा कि डिजिटल माध्यम के जरिए आम लोगों तक वैज्ञानिक और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना समय की आवश्यकता है। वेबसाइट लोगों को त्वचा रोगों से जुड़े भ्रम और गलत धारणाओं से बचाने में मदद करेगी तथा समय पर उचित उपचार के प्रति भी जागरूक करेगी।
कार्यक्रम में डॉ. आर. कुमार, डॉ. राजीव ठाकुर सहित कई वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह वेबसाइट आईएडीवीएल झारखंड और आम जनता के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बनेगी तथा राज्य में त्वचा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को नई दिशा देगी।