Dhanbad: धनबाद पुलिस ने लंबे समय से लंबित आपराधिक मामलों के निष्पादन की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। जून महीने के दौरान पुलिस ने कुल 509 पुराने मामलों की चार्जशीट धनबाद सिविल कोर्ट में दाखिल की है। इस पहल से वर्षों से लंबित मामलों की सुनवाई का रास्ता साफ हो गया है और पीड़ितों को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
एसएसपी की मॉनिटरिंग में चला विशेष अभियान
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश और लगातार मॉनिटरिंग के तहत पुराने मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लंबित केसों की फाइलों की समीक्षा कर दिन-रात मेहनत करते हुए जांच पूरी की और समय पर चार्जशीट दाखिल की।
दशकों पुराने मामलों का भी हुआ निपटारा
इस अभियान की खास बात यह रही कि इसमें कई ऐसे जटिल और दशकों पुराने मामले भी शामिल थे, जिनकी जांच लंबे समय से लंबित थी। पुलिस ने ऐसे मामलों का भी निष्पादन कर न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
अब अदालत में होगी सुनवाई
चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब इन सभी मामलों में अदालत में नियमित सुनवाई शुरू हो सकेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस पहल से न केवल न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि पीड़ितों को भी समय पर न्याय मिलने में मदद मिलेगी। साथ ही भविष्य में भी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।