Jamshedpur: उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को प्रखंड भ्रमण के दौरान मानगो अंचल कार्यालय तथा बोड़ाम प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान, राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों, विकास योजनाओं, लोक शिकायतों के निष्पादन और कार्यालयी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण और संग्रहण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर अभियान को सफल बनाया जाए तथा डिजिटाइजेशन के कार्य में भी तेजी लाई जाए।
राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सीमांकन, अतिक्रमण और अन्य राजस्व मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित फील्ड निरीक्षण कर योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।
जर्जर भवन की मरम्मत कराने का निर्देश
बोड़ाम प्रखंड परिसर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परिसर में स्थित जर्जर भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालय परिसर सुरक्षित और व्यवस्थित बना रहे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों में अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं और कार्य संस्कृति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी सहित संबंधित प्रखंड एवं अंचल के बीडीओ, सीओ और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।