Bihar News: बिहार के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत एनटीपीसी थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में उस समय हाई-वोल्टेज फैमिली ड्रामा देखने को मिला, जब 60 वर्षीय लखी तांती के साथ रह रही 30 वर्षीय गूंजा देवी को वापस ले जाने के लिए उसका पहला पति धनंजय पहुंच गया। धनंजय ने आरोप लगाया कि लखी तांती उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उससे नोटरी पर शादी कर ली। काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
पहले पति का आरोप- पत्नी को दूसरी बार लेकर भागा अधेड़
सूचना मिलते ही एनटीपीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। धनंजय का आरोप है कि कुछ महीने पहले भी लखी तांती उसकी पत्नी को लेकर भाग गया था, लेकिन तब वह उसे समझाकर वापस घर ले आया था। इस बार 12 जून को गूंजा देवी अपनी बेटी के साथ बाजार गई थी, जिसके बाद दोनों लापता हो गई थीं। बाद में पता चला कि वह दरियापुर में लखी तांती के साथ रह रही है।
थाने में बदले महिला के बयान
पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई, जहां पूछताछ के दौरान महिला के बयान बदलते रहे। पहले पति ने पत्नी को जबरन बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया, जबकि पुलिस का कहना है कि महिला अपनी मर्जी से दूसरे व्यक्ति के साथ गई थी और दोनों ने नोटरी के जरिए शादी की थी।
महिला पहले पति के साथ लौटी घर
एनटीपीसी थाना अध्यक्ष डी.के. प्रजापति के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी गलती स्वीकार की और पहले पति के साथ वापस घर जाने की इच्छा जताई। वहीं, लखी तांती ने भी कहा कि वह महिला के बहकावे में आ गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराकर मामला शांत कराया और महिला अपनी बेटी के साथ पहले पति के घर लौट गई।