Jamshedpur: बागबेड़ा रामनगर में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो और पोटका विधायक संजीव सरदार संयुक्त रूप से नारियल फोड़ कर कार्यक्रम में शामिल हुए और निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत की।
ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से करीब 2 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक संजीव सरदार ने अपने संबोधन में कहा कि यह सड़क बागबेड़ा की जनता की वर्षों पुरानी मांग रही है, जिसे उन्होंने अपने चुनावी वादों के तहत पूरा किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा पूरे झारखंड में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “बागबेड़ा क्षेत्र के विकास के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं और आगे भी जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे।”
कार्यक्रम में झामुमो जमशेदपुर प्रखंड सचिव जगत माड़ी, मुखिया मायावती टुडू, उमा मुंडा, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य ओम प्रकाश, और झामुमो के वरीय नेता राकेश सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस मौके पर स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सड़क निर्माण को लेकर सरकार का धन्यवाद जताया।