Ranchi Student Felicitation: ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने युवाओं से राजनीति और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे आने की अपील की है. उन्होंने कहा कि समाज और देश में सकारात्मक बदलाव के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.
रविवार को पासवा की ओर से आयोजित छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मंत्री ने छात्रों को करियर के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझने की सलाह दी.
रुचि और क्षमता के अनुसार चुनें करियर
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि छात्रों को अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के आधार पर करियर का चयन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से हर क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है.
उन्होंने कहा कि छात्र केवल नौकरी या व्यक्तिगत करियर तक सीमित न रहें. उन्हें समाज के प्रति अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को भी समझना होगा.
पेपर लीक और मूल्यांकन प्रक्रिया पर चिंता
मंत्री ने हाल में सामने आए पेपर लीक के मामलों और सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि कम अंक मिलने से कई छात्रों को आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
उन्होंने कहा कि झारखंड के एक छात्र ने मूल्यांकन से जुड़ी खामियों को सामने रखा था. इस मुद्दे पर राहुल गांधी ने भी छात्र की सराहना की थी.
शिक्षा व्यवस्था में सुधार का भरोसा
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रयास जारी रहेंगे. उन्होंने सम्मानित छात्रों को भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और बेहतर नेतृत्व की मजबूत नींव बताया.