Koderma News : कोडरमा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे के चीफ लोको इंस्पेक्टर सह लॉबी प्रभारी बंगाली चैंपिया का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पहचान पत्र मिलने के बाद कुछ दूरी पर मिला शव
जानकारी के अनुसार, बंगाली चैंपिया रविवार देर रात तक ड्यूटी पर थे। सोमवार सुबह उनसे संपर्क नहीं होने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान पहले रेलवे ट्रैक के पास उनका पहचान पत्र और कुछ निजी सामान मिला। इसके बाद कुछ दूरी पर उनका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत होता है। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद रेलकर्मियों में शोक का माहौल है। कुछ कर्मचारियों ने दावा किया कि बंगाली चैंपिया पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।