Himanshu Murder Case : जमशेदपुर में एक युवक की हत्या और दूसरे युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की।
आदित्य साहू ने कहा कि 27 जून को जमशेदपुर में हुई घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनके अनुसार, पुलिस की मौजूदगी में दो युवकों पर हमला हुआ। जान बचाने के लिए दोनों पुलिस वाहन में पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावर वहां भी पहुंच गए। एक युवक को वाहन से बाहर खींचकर उसकी हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज जारी है।
संदिग्ध पुलिसकर्मियों पर FIR और बार लाइसेंस की जांच की भी मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो युवक की जान बच सकती थी। इसलिए घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि मामले की जांच CID के बजाय CBI से कराई जाए। साथ ही जिन पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध हो, उनके खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए और सभी दोषियों को जल्द सजा दिलाई जाए।
आदित्य साहू ने कहा कि यदि जांच में बार संचालक की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि बार का लाइसेंस नियमों के अनुसार जारी किया गया था या नहीं। भाजपा ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।