Hazaribagh News : हजारीबाग पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिद्दी थाना क्षेत्र के कनकी मोड़ पर सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दोनों को एक स्कॉर्पियो वाहन के साथ दबोचा। उनके पास से एक अवैध लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर कनकी मोड़ में हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की रात पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि हथियारों से लैस कुछ अपराधी सफेद स्कॉर्पियो से गिद्दी-मांडू मार्ग होते हुए हजारीबाग की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
कनकी मोड़ पर वाहन जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन में सवार लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित सिंह उर्फ कुणाल (19) और भोला उर्फ ओम प्रकाश पाल (34) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, गिरोह रंगदारी, लूट, फिरौती और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने बताया कि मोहित सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामलों में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उस पर जून 2026 में गिद्दी सीओ चेकपोस्ट पर फायरिंग करने का भी आरोप है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।