IAS Nidhi Khare: झारखंड कैडर की वरिष्ठ IAS अधिकारी और उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव निधि खरे को संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास सम्मेलन यानी UNCTAD के उपभोक्ता संरक्षण कानून एवं नीति पर अंतरसरकारी विशेषज्ञ समूह के नौवें सत्र का अध्यक्ष चुना गया है.
यह सत्र जिनेवा स्थित पैलेस डेस नेशंस में 6 से 8 जुलाई तक आयोजित होगा. सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और नियामक संस्थाओं के प्रमुख उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
उपभोक्ता संरक्षण के मुद्दों पर होगी अंतरराष्ट्रीय चर्चा
इस सत्र में उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होगा. सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बाजार व्यवस्था विकसित करने के लिए अलग-अलग देशों की नीतियों और अनुभवों को साझा किया जाएगा.
बैठक के एजेंडे में सतत उपभोग को बढ़ावा देने के लिए उपभोक्ता सूचना, शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में नवाचारों पर चर्चा भी शामिल है. विभिन्न देशों की प्रभावी कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान पर भी मंथन किया जाएगा.
डिजिटल बाजार की नई चुनौतियों पर भी मंथन
डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ उपभोक्ताओं के सामने उभर रही चुनौतियों पर सम्मेलन में विशेष चर्चा होगी. ऑनलाइन लेनदेन, डिजिटल सेवाओं और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सदस्य देशों के प्रतिनिधि अपने अनुभव रखेंगे.
निधि खरे का इस उच्चस्तरीय अंतरराष्ट्रीय मंच की अध्यक्ष के रूप में चयन उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका और भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है.
ई-जागृति को मिला था रजत पुरस्कार
उपभोक्ता मामले विभाग के डिजिटल मंच "ई-जागृति" को हाल ही में जयपुर में आयोजित 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन में राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के तहत रजत पुरस्कार मिला था.
यह सम्मान डिजिटल सुशासन और उपभोक्ता सेवाओं के वितरण में विभाग के कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता माना गया. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए विभाग की गतिविधियां जारी हैं.