Jamshedpur: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी अभिषेक कुमार (25) को नितिबाग कॉलोनी स्थित मेनन अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, यह मामला 10 अप्रैल 2026 को चंद्रिका पॉल की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके पति तारक पॉल और उनके मित्र राहुल भक्त को घर में बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
लूटी गई स्कॉर्पियो समेत कई सामान बरामद
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अभिषेक कुमार ने अपने गिरोह के साथ साइबर ठगी, लूट और छिनतई जैसी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस अब उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक लूटी गई सफेद स्कॉर्पियो और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के आठ एटीएम कार्ड, छह अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड और 26,700 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
बरामद स्कॉर्पियो और कारतूस के संबंध में सीतारामडेरा थाना में अलग से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।