Ranchi News : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) ने विवेकानंद सेंट्रल लाइब्रेरी में लाइब्रेरी ट्रेनी के तीन पदों पर संविदा आधारित भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 14 जुलाई 2026 को आयोजित वॉक-इन-इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 15,000 रुपये का समेकित मानदेय दिया जाएगा। नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर छह महीने के लिए होगी। कार्य संतोषजनक रहने पर इसे अधिकतम छह महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है।
एमएलआईएससी प्रथम श्रेणी अनिवार्य, 28 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से प्रथम श्रेणी में मास्टर इन लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (MLISc) या समकक्ष डिग्री होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय ने कंप्यूटर, आईटी और लाइब्रेरी के डिजिटल अनुप्रयोगों की जानकारी रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात कही है। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अच्छा संप्रेषण कौशल भी वांछनीय है।
वॉक-इन-इंटरव्यू 14 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे विवेकानंद सेंट्रल लाइब्रेरी, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय, चेरी-मनातू, कांके, रांची में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाणपत्र, अंकपत्र, आवश्यक दस्तावेज और संक्षिप्त बायोडाटा (सीवी) के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी और आवश्यकता आधारित संविदा पर होगी। चयनित अभ्यर्थियों को स्थायी नियुक्ति का कोई दावा नहीं होगा। साथ ही, इंटरव्यू में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का टीए/डीए भी देय नहीं होगा।