Jamtara: जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के चरकी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान चरकी गांव निवासी सुमित्रा देवी (61 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
विवाद के दौरान महिला पर धारदार हथियार से हमला
जानकारी के अनुसार, सुमित्रा देवी के परिवार और गोतिया पक्ष के लोगों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोप है कि सुमित्रा देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें इलाज के लिए धनबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही करमाटांड़ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जामताड़ा के एसडीपीओ वसीम रजा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। विवाद के कारणों, घटना में शामिल अन्य लोगों और हमले में इस्तेमाल हथियार समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।