Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-08

Jamshedpur News : जमशेदपुर में नकली सिगरेट का बड़ा कारोबार उजागर, 39 लाख रुपये की डुप्लीकेट सिगरेट बरामद

Jamshedpur News : मानगो थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बेची जा रही डुप्लीकेट सिगरेट के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 39 लाख रुपये मूल्य की 45,600 पैकेट नकली सिगरेट और एक स्कूटी बरामद की है। मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।


पुलिस को 7 जुलाई को सूचना मिली थी कि मानगो थाना क्षेत्र के एक गोदाम से स्कूटी और टेम्पू के माध्यम से नकली सिगरेट शहर की विभिन्न दुकानों तक पहुंचाई जा रही है। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-01) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने मानगो के रोड नंबर-17, जवाहर नगर (केरला पब्लिक स्कूल के पीछे वाली गली) में छापेमारी की, जहां स्कूटी से सिगरेट की डिलीवरी कर रहे दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

कपाली के गोदाम में मिला भारी स्टॉक, तीन मुख्य आरोपी फरार

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कपाली थाना क्षेत्र के इस्लाम नगर स्थित एक गोदाम में छापेमारी की। वहां प्लास्टिक के 19 बोरों में पैक 45,600 पैकेट नकली सिगरेट बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उबैद अंसारी और एहतेशाम शमीम  के रूप में हुई है। वहीं पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार के मुख्य संचालक वली आजम, शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338, 3(5) तथा कॉपीराइट एक्ट, 1957 की धारा 63 और 65 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई को सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-01) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। छापेमारी टीम में मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक परवन साह, रविशंकर कुमार, दिलीप कुमार दास समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !