Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित सुभाष चौक के पास एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो जाने से गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान बिहार के गया जिले की रहने वाली 27 वर्षीय गुड़िया देवी, पति अतिराज पासवान, के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए और मौत के कारणों को लेकर जवाब मांगा। परिजनों के अनुसार, गुड़िया देवी गर्भावस्था के दौरान अपने मायके चौपारण थाना क्षेत्र के रेमो करमा गांव में रह रही थी। बुधवार को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उसके मामा बाबूलाल पासवान उसे झुमरीतिलैया स्थित जीवन ज्योति नामक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
परिजनों का दावा- मां और नवजात दोनों थे स्वस्थ
मृतका की मां मंजू देवी का कहना है कि प्रसव के बाद गुड़िया और उसका नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे। लेकिन गुरुवार सुबह अचानक अस्पताल प्रबंधन ने परिवार को महिला की मौत की सूचना दे दी। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने डॉक्टरों से मौत की वजह पूछी तो उन्हें कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
मौत की सूचना के बाद अस्पताल में हंगामा
महिला की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और चिकित्सकों से जवाब मांगने लगे। कुछ समय तक अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
डॉक्टर ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, अस्पताल के चिकित्सक ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि महिला की स्थिति बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर करने की सलाह दी गई थी। हालांकि, डॉक्टर के अनुसार परिजनों ने स्वयं अस्पताल में ही इलाज जारी रखने का आग्रह किया था और किसी भी परिस्थिति में अस्पताल पर आरोप नहीं लगाने की बात कही थी। घटना के बाद पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अब यह जांच का विषय है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इलाज में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।