Jamshedpur Liquor Smuggling: पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी खेप बरामद की है. पुलिस ने एक टाटा मैजिक वाहन से बीयर और व्हिस्की की बोतलें जब्त की हैं. इस मामले में चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया है. वाहन मालिक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
आधी रात मिली थी शराब आने की सूचना
पुलिस को 8 जुलाई की मध्यरात्रि सूचना मिली थी कि लाल रंग की टाटा मैजिक से अवैध शराब की खेप मुसाबनी इलाके में लाई जा रही है. सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की गई. एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के सामने पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच की. इसी दौरान टाटा मैजिक संख्या जेएच05बीएन-2155 को रोककर तलाशी ली गई.
वाहन से 312 बोतल शराब बरामद
तलाशी के दौरान वाहन से 25 कार्टन में 300 बोतल किंगफिशर बीयर बरामद की गई. इसके अलावा एक कार्टन में 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलाइट व्हिस्की की 12 बोतलें भी मिलीं. पुलिस ने शराब की पूरी खेप और टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है.
पुरुलिया में बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी शराब
पूछताछ में चालक जानूम सिंह सुंडी और खलासी सोमा पूर्ति ने बताया कि शराब जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से ली गई थी. इसे पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में बुधराम बेसरा के घर पहुंचाकर बिक्री की तैयारी थी. पुलिस के अनुसार, जब्त टाटा मैजिक वाहन भी बुधराम बेसरा के नाम पर दर्ज है. मुसाबनी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. शराब तस्करी के मामले में वाहन मालिक बुधराम बेसरा के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है.