Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को चाकुलिया प्रखंड और अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने SIR-2026 अभियान, विकास योजनाओं, राजस्व और भूमि से जुड़े मामलों की प्रगति का जायजा लिया. उपायुक्त ने सभी लंबित कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया.
SIR-2026 अभियान में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने बीएलओ को गणना प्रपत्रों के वितरण और BLO ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन का काम तेज करने के निर्देश दिए. साथ ही अभियान से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे करने और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा.
राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
निरीक्षण के दौरान दाखिल-खारिज, ऑनलाइन म्यूटेशन, भूमि विवाद, अतिक्रमण और परिमार्जन समेत अन्य लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों से जुड़े राजस्व मामलों का पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जल्द निष्पादन किया जाए. अनावश्यक रूप से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को भी कहा गया.
विकास योजनाओं और जनसेवाओं की हुई समीक्षा
उपायुक्त ने विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से नियमित फील्ड निरीक्षण करने और योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा. इसके अलावा कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और जन शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.