Chatra Road Accident: चतरा में सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से छुट्टी पर घर आए CRPF जवान लक्ष्मण कुमार यादव की मौत हो गई. वह जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और करीब एक सप्ताह पहले एक महीने की छुट्टी पर अपने गांव पहुंचे थे.
बाइक से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण कुमार यादव बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सिमरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया.
रिम्स पहुंचने से पहले जवान ने तोड़ा दम
रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही लक्ष्मण कुमार यादव की मौत हो गई. जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक फैल गया.
हाईवा छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.
शव रखकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण बिराजपुर के पास शव रखकर सड़क पर बैठ गए. इससे चतरा-सिमरिया मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया. ग्रामीणों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी, मृतक जवान के परिजनों को मुआवजा और मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की.
अधिकारियों ने समझाकर खत्म कराया जाम
सड़क जाम की सूचना पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम हटाने का प्रयास शुरू किया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है.