Ranchi Breaking: रांची में जमीन म्यूटेशन के काम में रिश्वत मांगने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो ने नामकुम अंचल कार्यालय से जुड़े एक व्यक्ति को 10 हजार रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम किशोर रवि के रूप में हुई है, जो भू-राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार का भाई बताया जा रहा है.
ACB ने इस मामले में बुंडू के अंचल अधिकारी रविचंदन कुमार वर्मा और भू-राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है. तीनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 के तहत कांड संख्या 13/26 दर्ज किया गया है.
म्यूटेशन के आवेदन के बाद मांगी गई थी रिश्वत
ACB के अनुसार, शिकायतकर्ता ने जमीन म्यूटेशन के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था. आवेदन के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ रहा था. आरोप है कि भू-राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार ने म्यूटेशन कराने के एवज में 80 से 90 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. बाद में उसने अपने भाई गौतम किशोर रवि के माध्यम से 10 हजार रुपये देने को कहा.
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की गोपनीय जांच और सत्यापन कराया. जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई. शिकायतकर्ता के जरिए आरोपी को 10 हजार रुपये दिए गए. रुपये लेते ही पहले से मौजूद ACB टीम ने गौतम किशोर रवि को पकड़ लिया.
तीन आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई
ACB ने मामले में बुंडू अंचल अधिकारी रविचंदन कुमार वर्मा, भू-राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार और गिरफ्तार आरोपी गौतम किशोर रवि को नामजद किया है. जांच एजेंसी का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है. मामले में अन्य साक्ष्यों और भूमिका की भी जांच की जाएगी.