Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-10

Giridih News : नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर सड़क पर उतरे परिजन, शव रखकर जाम; गिरफ्तारी की मांग

Giridih News : जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र में नवविवाहिता राजिया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों ने जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।


बताया जा रहा है कि गुरुवार को शादी के महज एक माह बाद कुरूमडीहा निवासी अब्जल अंसारी की पत्नी राजिया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। राजिया का मायका भूचारोबाद (आजाद नगर) में है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के परिजन और रिश्तेदार ससुराल पहुंचे और ससुराल पक्ष पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया।

मृतका के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर राजिया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने फिर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत और समझाइश के बाद परिजनों को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और शव का अंतिम संस्कार कराया गया।

थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !