Ranchi News: ग्रामीण क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांची पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से ब्राउन शुगर, 1.70 लाख रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और अन्य सामान बरामद किया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि पुलिस को तमाड़ के बंगाली टोला इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद विशेष टीम का गठन कर 9 जुलाई को छापेमारी की गई. पुलिस के पहुंचते ही एक युवक भागने लगा, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसकी पहचान आसिफ खान के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
मुख्य आरोपी के घर से नकदी और ब्राउन शुगर बरामद
पूछताछ में आसिफ ने पुलिस को बताया कि उसने ब्राउन शुगर राजा शिव दत्त मलिक से खरीदी थी. इसके बाद पुलिस ने राजा के घर की तलाशी ली, जहां से 12 ग्राम ब्राउन शुगर, नशीले पदार्थों की तौल के लिए इस्तेमाल होने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक मशीनें, एक मोबाइल फोन और 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए.
ड्रग्स नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बरामद नकदी और सामान के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके. इसके बाद सभी सामान जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है.