Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-11

Jharkhand News: मसानजोर में हजारीबाग के डॉक्टर की संदिग्ध मौत, निरीक्षण भवन के कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Jharkhand News: झारखंड के दुमका जिले के मसानजोर स्थित सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में ठहरे एक डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शनिवार सुबह उनका शव कमरे के बेड पर मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, स्थानीय चिकित्सक से जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
दोस्तों के साथ घूमने आए थे डॉक्टर, सुबह बेड पर मिला शव
मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है. वह रांची के बरियातू के रहने वाले थे और हजारीबाग सदर अस्पताल में पदस्थापित थे. उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और जमशेदपुर में कार्यरत हैं. परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं. जानकारी के अनुसार डॉ. मिंज अपने तीन दोस्तों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ शुक्रवार रात मसानजोर पहुंचे थे. सभी सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन के कमरा नंबर 1 और 2 में ठहरे थे. शनिवार सुबह जब उनके दोस्त उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बेड पर अचेत मिले. शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
सूचना मिलने पर मसानजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय डॉक्टर से जांच कराने के बाद डॉ. मिंज को मृत घोषित किया गया. इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दोस्तों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी और देर रात सोने चले गए थे. पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चिकित्सक की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !