Jharkhand News: झारखंड के लातेहार जिले से नाबालिग बच्चों को काम करने के लिए बिहार ले जाने की कोशिश को पलामू पुलिस ने विफल कर दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी बच्चों को खेतों में धान की रोपाई के काम के लिए बिहार ले जाया जा रहा था. पुलिस ने करवाई करते हुए 27 नाबलिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. इनमे अधिकांश लड़कियां है.
दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, दो गाड़ियों से मिले 27 नाबालिग बच्चे
पुलिस को सूचना मिली थी कि पड़वा और नावाबाजार थाना क्षेत्र से नाबालिग बच्चों को वाहनों में भरकर बिहार ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों जगह घेराबंदी की. पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार के नेतृत्व में एक वाहन को रोककर 14 बच्चों को मुक्त कराया गया. वहीं नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव की टीम ने दूसरी गाड़ी से 13 नाबालिगों का रेस्क्यू किया. सभी बच्चे लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं.
सासाराम में धान रोपाई के लिए ले जाए जा रहे थे बच्चे, तस्करों से पूछताछ जारी
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य रवि शंकर ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि बच्चों को बिहार के सासाराम इलाके में धान रोपाई के काम में लगाने के लिए ले जाया जा रहा था. मामले में बिहार के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है. पुलिस ने बच्चों के परिजनों को भी रेस्क्यू की जानकारी दे दी है. मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.