Jamshedpur News: जमशेदपुर में भाजपा महानगर की मासिक संगठनात्मक बैठक शनिवार को भालूबासा स्थित आशीष किशोर सभागार में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर की गई.
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और एसआईआर अभियान को गति देने पर दिया गया जोर
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं. उन्होंने प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठक आयोजित करने, स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में सक्रिय पहल करने का आह्वान किया. उन्होंने बीते एक महीने के संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा भी की. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सभी बूथों पर शत प्रतिशत आयोजन सुनिश्चित करने वाले पांच मंडल अध्यक्षों को सम्मानित किया गया. जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने, पात्र मतदाताओं के प्रपत्र भरवाने और मतदाता सूची को अद्यतन करने में सहयोग देने की अपील की. उन्होंने जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संगठन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया.
नेताओं ने संगठन विस्तार पर रखे विचार, कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक को पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी और चंद्रशेखर मिश्रा ने भी संबोधित किया. सभी वक्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया. बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए. कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ने दिया. बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.