Jamshedpur News : झारखंड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में शिक्षकेत्तर (नॉन-टीचिंग) पदों के पुनर्गठन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई है। इस संबंध में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की कुलपति से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और विभिन्न लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
महासंघ ने कहा कि विश्वविद्यालय के विस्तार और बढ़ते कार्यभार के अनुरूप शिक्षकेत्तर पदों की संख्या और संरचना में बदलाव आवश्यक है। वर्तमान व्यवस्था के कारण कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने रिक्त पदों पर नियुक्ति, पदों के पुनर्गठन तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान की मांग की।
बढ़ते कार्यभार के अनुरूप प्रशासनिक ढांचा मजबूत करने पर जोर
महासंघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और संस्थान के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। कुलपति ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।