Jamshedpur News : जयपाल कॉलोनी से बालीगुमा टंकी तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से मृत मजदूर चेतन यादव के परिजनों को ठेकेदार की ओर से 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। गिरिडीह से आए प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मृतक की दोनों पत्नियों के परिवारों के बीच मुआवजा राशि का वितरण किया गया।
मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के पेशम पंचायत अंतर्गत पेशम गांव के निवासी थे। मुआवजा वितरण के दौरान मृतक की पत्नी कौशल्या देवी और उनके दो बेटे मौजूद रहे। उनके साथ पेशम पंचायत की मुखिया रागिनी सिंहा के प्रतिनिधि के रूप में मनीष सिंह, पूर्व मुखिया गोपाल प्रसाद वर्मा तथा गद्दी पंचायत से दिनेश यादव भी उपस्थित रहे। मुआवजे के रूप में एक लाख रुपये नकद तथा छह लाख और तीन लाख रुपये के दो चेक परिजनों को सौंपे गए।
मुआवजा दिलाने में जनप्रतिनिधियों की पहल, विधायक सरयू राय ने पटना से की निगरानी

बताया गया कि ठेकेदार पर दबाव बनाकर मुआवजा दिलाने में जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं और विधायक सरयू राय के प्रतिनिधियों की अहम भूमिका रही। इस दौरान जदयू पूर्वी सिंहभूम अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, विकास साहनी, पिंटू सिंह, दिनेश कुमार और बीरू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने विधायक सरयू राय से संपर्क कर बताया था कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था और मुआवजा दिलाने में प्रशासन तथा ठेकेदार की ओर से आनाकानी की जा रही थी। इसके बाद पटना प्रवास पर रहे विधायक सरयू राय ने अपने प्रतिनिधियों और जदयू पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा मुआवजा मिलने तक पूरे मामले की लगातार जानकारी लेते रहे। मुआवजा मिलने के बाद मृतक का परिवार गिरिडीह स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गया।