भारतीय दूतावास लगातार रख रहा है नजर
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही ओमान में स्थित भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय शुरू कर दिया. खोज अभियान में शामिल एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है ताकि लापता भारतीय नागरिक का जल्द पता लगाया जा सके.
मंत्रालय ने बताया कि बचाए गए भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही लापता व्यक्ति के परिजनों को भी हर जरूरी जानकारी दी जा रही है.
ओमान के सहयोग की भारत ने सराहना
भारत सरकार ने बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान के प्रशासन का आभार व्यक्त किया है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में स्थानीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई की, जिससे अधिकांश भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सका.
मंत्रालय ने इस हमले पर चिंता जताते हुए कहा कि हाल के समय में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ी हैं. ऐसे हमले समुद्री सुरक्षा के साथ-साथ वैश्विक व्यापार और अंतरराष्ट्रीय नौवहन व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती पैदा करते हैं.
सुरक्षित समुद्री मार्गों पर भारत का जोर
विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है. भारत का मानना है कि नागरिक जहाजों और व्यावसायिक ढांचों पर हमले तुरंत रुकने चाहिए और सभी पक्षों को बातचीत तथा कूटनीतिक प्रयासों के जरिए क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में काम करना चाहिए.
मंत्रालय ने यह भी कहा कि सुरक्षित समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति और आर्थिक गतिविधियों के लिए बेहद अहम हैं.
फिलहाल भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर लापता भारतीय नागरिक की तलाश पर नजर बनाए हुए है और बचाव अभियान जारी है.