Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर और दुमका समेत 14 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की आशंका है। तापमान में गिरावट से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
दक्षिणी-मध्य झारखंड में सबसे ज्यादा असर
दक्षिणी और मध्य झारखंड में मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला और बोकारो में दिनभर रुक-रुककर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है। बिहार से सटे इलाकों में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई गई है।
कहीं उमस तो कहीं सुहावना रहेगा मौसम
वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में बादलों के बावजूद अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे दिन में उमस बनी रह सकती है। हालांकि शाम के समय हल्की बारिश से राहत मिलने के आसार हैं। दूसरी ओर रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और बोकारो में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा।
किसानों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। रविवार को भी रांची सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी। आज रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला और आसपास के जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। विभाग ने अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।