Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवनारायणपुर में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
विवाद के दौरान पहले हुई चाकूबाजी
मृतक की पहचान गौतम मुंडा, निवासी शिवनारायणपुर, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात किसी बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। मामले से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झड़प के दौरान गौतम मुंडा ने पहले राहुल कुमार पर चाकू से हमला किया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि चाकू से हमले के बाद राहुल कुमार ने कथित तौर पर गौतम मुंडा पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। गंभीर रूप से घायल गौतम घटनास्थल पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही गौतम मुंडा की मौत हो गई।
सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि विवाद कैसे शुरू हुआ और किस परिस्थिति में दोनों पक्षों के बीच हिंसा हुई। अधिकारियों का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।