Ranchi Crime News: रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र के तापे गांव स्थित एक राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में हथियारबंद अपराधियों ने करीब पांच घंटे तक डकैती की वारदात को अंजाम दिया. 20 से 22 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया, मारपीट की और लॉकर से 3 लाख 35 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. अपराधी ट्रांसफॉर्मर से कॉपर वायर और गोदाम में रखी कोल्डड्रिंक्स की बोतलें भी अपने साथ ले गए.
पिकअप वैन से पहुंचे थे बदमाश
घटना 10 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है. इस संबंध में 12 जुलाई को रांची निवासी आदित्य सिंह के बयान पर ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत के मुताबिक सभी आरोपी एक पिकअप वैन से परिसर में पहुंचे थे. उन्होंने चेहरे और सिर को काले कपड़े से ढंक रखा था तथा उनके पास पिस्तौल, चाकू और अन्य हथियार थे.
कर्मचारियों को बनाया बंधक
अपराधियों ने सबसे पहले परिसर में गश्त कर रहे कर्मचारी अनिल सिंह को पकड़ लिया. उनसे परिसर और मालिक की जानकारी लेने के बाद हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद दूसरे कर्मचारी विनीत सिंह के कमरे का दरवाजा तोड़ा, लॉकर की चाबी छीनी और उसमें रखी नकदी लूट ली. विनीत सिंह को भी बांधकर पैनल रूम में बंद कर दिया गया. पीड़ितों का कहना है कि अपराधियों को परिसर और लॉकर की पूरी जानकारी थी.
रातभर मचाया उत्पात
शिकायतकर्ता के अनुसार अपराधी रात करीब 11 बजे से सुबह 4 बजे तक परिसर में मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने नकदी, कॉपर वायर और अन्य सामान दो वाहनों में लादकर फरार हो गए. पूरी वारदात के दौरान कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना रहा.
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
आदित्य सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश करने के बजाय कर्मचारी विनीत सिंह को पूछताछ के लिए थाने ले गई. उनका दावा है कि करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई और उसके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया.
वहीं कर्मचारी विनीत सिंह ने कहा कि उन्होंने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दे दी है. इसके बावजूद उनके साथ अपराधी जैसा व्यवहार किया जा रहा है.
2023 में भी हुई थी डकैती
बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में भी इसी राइस मिल परिसर में बड़ी डकैती हुई थी. एक बार फिर उसी जगह वारदात होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
पुलिस ने क्या कहा
ओरमांझी थाना के कनीय प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि विनीत सिंह को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था. उनके साथ मारपीट या दुर्व्यवहार के आरोप सही नहीं हैं.