Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम पुलिस की ओर से अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान "ऑपरेशन प्रहार" के तहत उलीडीह ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, उलीडीह ओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि एनएच-33 स्थित सुवर्णरेखा आवासीय शिविर मैदान में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी की योजना बनाई।
पकड़ा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गालूडीह थाना क्षेत्र के सालबनी निवासी आशीष विशोई (31 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से ब्राउन शुगर की 50 पुड़िया बरामद की गई हैं, जिनका कुल वजन 2.48 ग्राम है।
आदित्यपुर से लाने की बात सामने आई
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह ब्राउन शुगर आदित्यपुर से लाकर क्षेत्र में बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस मामले में उलीडीह ओपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।