Ranchi Crime News: राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. डोरंडा थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने चार ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 159.03 ग्राम ब्राउन शुगर, 58,100 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि डोरंडा थाना क्षेत्र के धोबी मोहल्ला खटाल इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है. सूचना के बाद एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी में हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
दो जगहों पर एक साथ छापेमारी
पुलिस टीम ने कुसई जतरा मैदान और हिनू के साकेत नगर इलाके में एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. तलाशी में 159.03 ग्राम ब्राउन शुगर की 1,444 पुड़िया, 58,100 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए.
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक भुईयां, नरेश कुमार, महेश कुमार और संदीप कुमार दांगी के रूप में हुई है. सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है.
नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने कहा कि रांची में ब्राउन शुगर और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.