Jamshedpur News : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाउन हॉल के पास एक युवक के साथ मारपीट कर नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। बारीडीह विद्यापति नगर निवासी 25 वर्षीय अभिषेक गिरि टाउन हॉल के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया, उनके साथ मारपीट की और जेब में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए।
भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पीड़ित के बयान के आधार पर सिदगोड़ा थाना में 13 जुलाई 2026 को कांड संख्या 101/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। नामजद आरोपियों में अमित सिंह, आशिष चौधरी, रितिक सिंह, अभिषेक सिंह और पियुष शामिल हैं।
एक आरोपी गिरफ्तार, छापेमारी जारी
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी-ब्लॉक का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल आरोपी के पास से कोई बरामदगी नहीं हुई है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर सुशांत सुंडी कर रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।