Latehar News: 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी का भावुक बयान सामने आया है. उन्होंने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से अपील की है कि उनके पति के साथ कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की जाए और हिरासत के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
मीडिया से बातचीत में रविंद्र गंझू की पत्नी ने कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि हर आरोपी को कानून के मुताबिक निष्पक्ष सुनवाई और न्याय पाने का अधिकार है, इसलिए उनके पति के मामले में भी सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जाना चाहिए.
उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि पूछताछ के दौरान किसी तरह का दुर्व्यवहार न किया जाए. भावुक होते हुए उन्होंने कहा, "मेरा सुहाग सुरक्षित रहे. पुलिसकर्मियों की पत्नियों का भी सुहाग सुरक्षित रहे."
पत्नी ने कहा कि वह किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रही हैं, बल्कि केवल इतना चाहती हैं कि उनके पति के साथ कानून के अनुसार व्यवहार किया जाए और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए.
इधर, रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं. जांच के दौरान माओवादी संगठन, उसके नेटवर्क, सहयोगियों और गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस की ओर से उनकी पत्नी की अपील पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.