Jamshedpur News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र के ईस्ट प्लांट बस्ती, विनोबा आश्रम, धोबी घाट और चुनाभट्टा के बड़ी संख्या में बस्तीवासी मंगलवार को टाटा कंपनी के बर्मामाइंस स्थित वाटर प्लांट पहुंचे और पेयजल की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने अधिकारियों को बताया कि पिछले कई दिनों से इलाके में सप्लाई होने वाला पानी गंदा और बदबूदार आ रहा है, वहीं नियमित जलापूर्ति भी बाधित है।
3-4 घंटे की देरी से पानी, लोगों की दिनचर्या हुई प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना 3 से 4 घंटे की देरी से पानी मिलने के कारण नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं दूषित पानी की वजह से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बस्तीवासियों ने साफ कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने दिया एक सप्ताह में समाधान का भरोसा
विरोध प्रदर्शन के दौरान वाटर प्लांट के अधिकारियों ने बस्तीवासियों की शिकायतें सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि पानी की गुणवत्ता और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
समय पर समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
हालांकि बस्तीवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर गंदे पानी और अनियमित जलापूर्ति की समस्या दूर नहीं हुई, तो क्षेत्र के लोग बड़े स्तर पर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे। लोगों ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रबंधन की होगी।