Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। फॉरेस्ट एरिया के घने जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कुछ बच्चे जंगल के पास क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद खोजने के लिए वे जंगल की ओर गए, जहां उनकी नजर पेड़ से लटके महिला के शव पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के शरीर पर लाल रंग की नाइटी मिली है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
मौत के कारणों की जांच जारी
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला कौन थी, वह जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।