Jharkhand Crime News: झारखंड के गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत पोढ़ा नागफेनी गाँव से अंधविश्वास की एक रूंह कंपका देने वाली वारदात सामने आई है. यहां जादू-टोना और डायन-बिसाही के झूठे शक में 75 वर्षीय बुजुर्ग सीताराम खड़िया की कुदाल से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई.
मृतक के बेटे कुश खड़िया ने बताया कि आरोपी एतवा उरांव अक्सर उनके पिता पर ओझा-गुनी का बेबुनियाद आरोप लगाता था. आरोपी के परिवार में जब भी कोई व्यक्ति बीमार पड़ता या कोई अनहोनी होती, तो उसका सारा ठीकरा सीताराम खड़िया पर ही फोड़ दिया जाता था, जिसके कारण इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही सिसई थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी एतवा उरांव को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुदाल को विधिवत जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत और गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. राज्य के ग्रामीण इलाकों में जड़े जमा चुके इस अंधविश्वास ने एक बार फिर सामाजिक चेतना और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.