Jamshedpur Rath Yatra 2026: जमशेदपुर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 16 जुलाई को रथ यात्रा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री लागू रहेगी. इसके अलावा कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों के लिए भी रूट डायवर्ट किया गया है.
इस संबंध में उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब और यातायात डीएसपी नीरज ने संयुक्त आदेश जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
बिष्टुपुर मेन रोड रहेगा बंद
रथ यात्रा के दौरान बिष्टुपुर मेन रोड पर सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा. इस दौरान वाहनों को निर्धारित डायवर्टेड रूट से ही गुजरना होगा.
इन मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन
वोल्टास से रीगल गोलचक्कर तक दोनों लेन बंद रहेंगी. वोल्टास से साकची जाने वाले वाहन खरकई रोड, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह, लोयोला स्कूल और जुबली पार्क होकर जाएंगे.
साकची से जुगसलाई जाने वाले वाहन रीगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई और वोल्टास गोलचक्कर होते हुए जुगसलाई पहुंचेंगे.
गोलमुरी से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहन जेएनएसी चौक, नया रोड और करीम सिटी कॉलेज गोलचक्कर होकर गुजरेंगे. वहीं मानगो से बिष्टुपुर और जुगसलाई जाने वाले वाहनों को मरीन ड्राइव मार्ग का उपयोग करना होगा.
रथ यात्रा के दौरान मानगो में रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान
जब रथ यात्रा बड़े हनुमान मंदिर से मानगो चौक होते हुए डिमना चौक की ओर जाएगी, तब साकची से आने वाले वाहनों को मानगो चौक से मानगो थाना और पारडीह चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं रथ यात्रा के डिमना चौक से ट्रांसपोर्ट नगर और राजस्थान भवन की ओर बढ़ने के दौरान डिमना चौक से आने वाले वाहनों को वहीं रोककर पारडीह चौक की ओर मोड़ दिया जाएगा.
सुंदरनगर से आने वाले वाहनों के लिए भी बदला रूट
सुंदरनगर से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहनों को करणडीह चौक, घाघीडीह जेल, पानी टंकी, मजार, केंद्रीय विद्यालय और चाईबासा बस स्टैंड होकर रेलवे स्टेशन की ओर भेजा जाएगा. दोपहिया वाहन मंदिर के पास वाली गली से होकर इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे.
16 जुलाई को बदलेगा नो एंट्री का समय
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 16 जुलाई को भारी वाहनों के लिए नो एंट्री का समय सामान्य समय से बदलकर दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक रहेगा. रथ यात्रा समाप्त होने के बाद शहर में पूर्व निर्धारित नो एंट्री व्यवस्था फिर से लागू कर दी जाएगी.